कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच सकुशल सम्पन्न हुई बकरीद की नमाज

टेन न्यूज़ !! २९ मई २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा
फतेहगंज पूर्वी/बरेली । क्षेत्र में गुरुवार को बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम पूरे समय मुस्तैद रही। कस्बे से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए, जिसके चलते सभी मस्जिदों पर नमाज सकुशल अदा की गई।
कस्बे की बड़ी सराय मस्जिद, मोहल्ला सरायखाम स्थित मस्जिद तथा कसयावां मस्जिद पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर बकरीद की नमाज अदा की। नमाज के दौरान अमन-चैन और भाईचारे की दुआ मांगी गई।
वहीं शाहपुर बनियान, कादरगंज, पढ़ेरा, टीसुआ सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भी बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारी लगातार भ्रमण करते रहे।
कस्बे में कस्बा इंचार्ज लक्ष्मी नारायण पुलिस टीम के साथ लगातार गश्त करते नजर आए। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने स्वयं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
त्योहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। पुलिस की सक्रियता और लोगों के सहयोग से क्षेत्र में बकरीद का पर्व सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।