जिलाधिकारी शाहजहांपुर की अध्यक्षता में जनगणना-2027 के संबंध में बैठक सम्पन्न

टेन न्यूज़ !! २९ मई २०२६ !! डीपी सिंह @डेस्क न्यूज़ , शाहजहांपुर,
भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य दिनांक 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक पूर्ण किया जाना है। यह कार्य समयबद्ध होने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाना भी अनिवार्य है, जिसके दृष्टिगत जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार की उपस्थिति में जनगणना कार्यों की समीक्षा हेतु आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठकें तहसील जलालाबाद, कलान, पुवायां, तिलहर एवं सदर क्षेत्र के उप जिलाधिकारियों, समस्त चार्ज अधिकारियों तथा संबंधित समस्त नामित नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित की गईं। बिस्मिल सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में नगर निगम एवं संबंधित अधिकारियों के साथ जनगणना कार्यों की प्रगति एवं तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जनगणना कार्य को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण कराने, आंकड़ों की शुद्धता बनाए रखने तथा फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी 3 जून को पुनः बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें 50 प्रतिशत से कम प्रगति वाले संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिभाग करेंगे। वहीं, 8 जून को उन निकायों एवं विभागों की बैठक आयोजित की जाएगी, जिनका कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण हो जाएगा।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि आगामी समीक्षा बैठक का प्रारूप इस प्रकार होगा, जिसमें प्रगणक कौन हैं, कुल कितने घरों का सर्वे किया जाना है, अब तक कितने घरों का सर्वे पूर्ण किया जा चुका है तथा कार्य की प्रतिशत प्रगति क्या है, जैसे बिंदुओं से संबंधित आंकड़ों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।