शाहपुर-सलेमपुर मार्ग पर सड़क हादसे में युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

टेन न्यूज़ !! २९ मई २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा
फतेहगंज पूर्वी/बरेली । थाना क्षेत्र के शाहपुर-सलेमपुर मार्ग पर बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सलेमपुर निवासी प्रमोद पुत्र स्वर्गीय पाल बुधवार रात शाहपुर-सलेमपुर मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने घायल अवस्था में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरीदपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
CHC फरीदपुर से पुलिस को भेजे गए मेमो के अनुसार रात करीब 10:20 बजे युवक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के चचेरे भाई अजीत सिंह ने बताया कि प्रमोद परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे चार और छह वर्ष के दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। हादसे के बाद से गांव में शोक का माहौल बना हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है तथा टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में जुटी हुई है।