• Fri. May 29th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

शाहजहांपुर: नगर निगम क्षेत्र के निर्माण कार्यों की डीएम ने की समीक्षा, लापरवाही पर जताई नाराजगी

ByTen News One Desk

May 29, 2026
3 Views

शाहजहांपुर: नगर निगम क्षेत्र के निर्माण कार्यों की डीएम ने की समीक्षा, लापरवाही पर जताई नाराजगी


टेन न्यूज ii 29 मई 2026 ii डीपी सिंह@डेस्क न्यूज, शाहजहांपुर

नगर निगम क्षेत्र में संचालित निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यदाई संस्थाओं के अधिकारियों के साथ नगर निगम क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एक-एक कर सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और उन्हें पूर्ण करने की समय-सीमा की जानकारी ली। समीक्षा में पाया गया कि कुछ परियोजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम शहरी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समीक्षा बैठकों में जिम्मेदार अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, जिससे विकास कार्यों की सही मॉनिटरिंग हो सके।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों की समाप्ति तिथि की जानकारी उपलब्ध कराई जाए और जिन परियोजनाओं का पुनः टेंडर (री-टेंडर) होना है, उनकी प्रक्रिया 30 मई तक हर हाल में पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।

बैठक में निर्माणाधीन प्लेनेटोरियम, मल्टीकार पार्किंग और नगर निगम कार्यालय भवन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन परियोजनाओं का निर्माण कार्य 31 जुलाई तक पूरा कराया जाए। इसके अतिरिक्त सीनियर केयर सेंटर, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, कन्वेंशन सेंटर तथा अर्बन प्लाजा जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स के निर्माण में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्थाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत चल रहे सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदाई संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!