• Sun. May 31st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

बिजली विभाग की लापरवाही से संविदा सफाई कर्मी की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

ByTen News One Desk

May 31, 2026
2 Views

 

बिजली विभाग की लापरवाही से संविदा सफाई कर्मी की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम


टेन न्यूज़ ii 31 मई 2026ii रिपोर्ट: नीरज प्रताप सिंह

लोकेशन: छिबरामऊ (कन्नौज), उत्तर प्रदेश

कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित समधन नगर में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक संविदा सफाई कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को कन्नौज-फर्रुखाबाद मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

जानकारी के अनुसार, समधन निवासी राजकुमार घास लेने के लिए खेतों की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले आई तेज आंधी के कारण 11 हजार वोल्ट की जर्जर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर खेत में घास के बीच पड़ा हुआ था। इसी दौरान राजकुमार अनजाने में टूटे पड़े तार की चपेट में आ गए और करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक का शव कन्नौज-फर्रुखाबाद मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते टूटे तार को हटाया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था।

सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल के साथ उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी छिबरामऊ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

मृतक के परिजनों ने 20 लाख रुपये मुआवजा और मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की है। बताया जा रहा है कि राजकुमार दो बच्चों के पिता थे और परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे। वह समधन नगर पंचायत में संविदा सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत थे।

फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले को शांत कराने के प्रयास जारी हैं, जबकि घटना के बाद क्षेत्र में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

टेन न्यूज़ के लिए छिबरामऊ कन्नौज से नीरज प्रताप सिंह की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!