औरैया में वृद्ध महिला हत्याकांड का खुलासा! ‘बुआ’ की चाकू से हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, जेवर व आला कत्ल बरामद![]()
टेन न्यूज ii 01 जून 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल | औरैया
औरैया जनपद के बिधूना थाना क्षेत्र में वृद्ध महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल, मृतका के कुंडल एवं पायल भी शत-प्रतिशत बरामद कर ली है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा तथा क्षेत्राधिकारी सदर अशोक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना बिधूना पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी टीटू उर्फ आशीष को कमलपुर नहर पटरी से गिरफ्तार किया। आरोपी सूरजपुर बिधूना का रहने वाला है और वर्तमान में कानपुर नगर में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, 25 मई 2026 को ग्राम सूरजपुर स्थित बंद मकान में 65 वर्षीय वृद्ध महिला संतोष कुमारी का शव मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मृतका के पुत्र की तहरीर पर थाना बिधूना में हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका उसकी मोहल्ले की बुआ थीं और घर में अकेली रहती थीं। आरोपी के मुताबिक, विवाद के दौरान मृतका द्वारा उसकी मां पर टिप्पणी और थप्पड़ मारने से वह गुस्से में आ गया। अत्यधिक शराब के नशे में उसने चाकू से गर्दन पर कई वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने मृतका के कुंडल और पायल उतार लिए, मोबाइल बाथरूम में फेंक दिया तथा घर में ताला लगाकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और चोरी किए गए जेवर बरामद कर लिए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।