खैरपुर दरगाह शरीफ में सालाना उर्स का भव्य आगाज, रोशनी से जगमगाई दरगाह, मेले में उमड़ी भीड़

Ten News !! 03 June 2026 !! Pappu Ansari
मीरानपुर कटरा। थाना क्षेत्र के ग्राम खैरपुर स्थित दरगाह शरीफ में हजरत ख्वाजा सुलेमान रहमतुल्लाह अलैह का सालाना उर्स धार्मिक उत्साह, श्रद्धा और अकीदत के साथ शुरू हो गया है। उर्स के अवसर पर दरगाह परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत सजावट एवं आकर्षक रोशनी से सजाया गया है, जिससे रात के समय पूरा परिसर जगमगा उठा।
उर्स के साथ आयोजित मेले में बच्चों और बड़ों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। बच्चे जहां झूलों का आनंद लेते नजर आए, वहीं बड़ी संख्या में वयस्क भी मेले की रौनक का आनंद उठाते दिखाई दिए। मेले में चाट, पकौड़ी, मिठाई एवं अन्य खान-पान की दुकानों के अलावा कई प्रकार के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। देर रात तक मेले का माहौल गुलजार बना रहा।
दरगाह पर पहुंचे अकीदतमंदों ने चादरपोशी और फातिहा कर मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। उर्स के दौरान आयोजित कव्वाली और लंगर कार्यक्रमों ने भी श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया।
विशेष कार्यक्रम में जनसेवा हॉस्पिटल के डायरेक्टर सगीर खान, नगर पंचायत कटरा की अध्यक्ष डॉ. पूजा कसाना के देवर आरिफ खान, सीएचसी कटरा के चिकित्सा अधिकारी डॉ. फैजान खान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिथियों को पगड़ी बांधकर सम्मानित किया गया। सभी ने समाज, कौम और देश की उन्नति, शांति एवं खुशहाली के लिए सामूहिक दुआ की।
उर्स को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। दरगाह परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिस बल लगातार निगरानी करता रहा, जिससे जायरीनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
दरगाह की भव्य सजावट, जगमगाती रोशनी, मेले की रौनक और अकीदतमंदों की भारी भीड़ ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक एवं उत्सवमय माहौल से सराबोर कर दिया है।