तिलहर में राधाकृष्ण रासलीला का भव्य मंचन, भक्त भक्ति रस में सराबोर

Ten News !! 03 June 2026 !! Amuk Saxena
तिलहर। श्री राधा रानी सेवा समिति के तत्वावधान में वृंदावन धाम से पधारे श्री राम श्याम लीला संस्थान द्वारा भगवान श्री राधाकृष्ण की रासलीला का भव्य मंचन किया गया। रासलीला के दिव्य प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। यह धार्मिक आयोजन आगामी 7 जून तक प्रतिदिन आयोजित किया जाएगा।
नगर पालिका परिसर स्थित गांधी ग्राउंड में सोमवार रात्रि लगभग 9 बजे वृंदावन धाम के पंडित लेखराज एवं पंडित ओमप्रकाश शर्मा के संचालन में भगवान श्री राधाकृष्ण की मनमोहक झांकी के दर्शन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। झांकी की अलौकिक छटा ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
संस्थान के संचालक पंडित ओमप्रकाश शर्मा के सानिध्य में समिति पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मंच पर विराजमान बाल स्वरूप श्री राधाकृष्ण का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर आरती उतारी। इसके उपरांत रासलीला का मंचन आरंभ हुआ, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण द्वारा ब्रजेश्वरी श्री राधारानी को रिझाने के लिए गोपिकाओं के साथ प्रस्तुत मनोहारी मयूर नृत्य ने उपस्थित भक्तों को भावविभोर कर दिया। “जय-जय श्री राधे” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
रासलीला के दौरान बाल कृष्ण की माखन चोरी लीला का भी सजीव मंचन किया गया। इसके बाद मथुरा नरेश कंस के अत्याचारों से संबंधित प्रसंग प्रस्तुत किया गया, जिसमें यज्ञ करने वाले ब्राह्मणों और संतों पर अत्याचार तथा महाराजा उग्रसेन को बंदी बनाए जाने की घटनाओं का प्रभावशाली मंचन हुआ। कंस के स्वरूप में पंडित ओमप्रकाश शर्मा की दमदार प्रस्तुति और अट्टहास ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आयोजक समिति के अनुसार रासलीला का मंचन आगामी 7 जून तक प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक किया जाएगा। समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ एवं पुण्य अर्जित करने की अपील की है।
कार्यक्रम में हरी मोहन गुप्ता, केशरी नंदन गुप्ता, कमलेश गुप्ता, सतीश गुप्ता, सौरभ गुप्ता, रवि गुप्ता, सुमित गुप्ता, राकेश गुप्ता, साहू मनोज गुप्ता, अविनाश कुमार, गोविंद गुप्ता, रमेश कुमार रस्तोगी, कुलदीप गुप्ता, मनोज प्रबल, तुषार रस्तोगी, प्रदीप रस्तोगी, मुकेश गुप्ता, प्रेम कुमार, हरीश गुप्ता, ब्रजेश गुप्ता, अमित सक्सेना, धर्मेंद्र यादव, राजीव, शैलेंद्र, दीपक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।