रायबरेली: राही ब्लॉक में विकास प्रदर्शनी का आयोजन, विधायक अदिति सिंह ने किया अवलोकन![]()
टेन न्यूज ii 03 जून 2026 ii रिपोर्ट: वसीम खान ब्यूरो
लोकेशन: रायबरेली
रायबरेली। जनपद के राही ब्लॉक परिसर में सूचना विभाग द्वारा आयोजित विकास प्रदर्शनी के दूसरे दिन सदर विधायक अदिति सिंह ने पहुंचकर प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी में सरकार द्वारा संचालित योजनाओं और विकास कार्यों को आकर्षक एवं प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया।
विधायक अदिति सिंह ने प्रदर्शनी के दौरान मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली तथा आमजन को मिलने वाले लाभों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।
अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा और जरूरतमंद वर्ग के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका सीधा लाभ पात्र लाभार्थियों को मिल रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करें और सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाएं।
प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉलों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला कल्याण, रोजगार, आवास एवं अन्य विकास योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की report।