औरैया में सूने घर पर चोरों का धावा, लाखों के जेवर व नकदी लेकर फरार![]()
टेन न्यूज ii 03 जून 2026 ii रिपोर्ट: ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
लोकेशन: औरैया
औरैया। शहर के मोहल्ला सतेश्वर पश्चिमी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना देकर चोरी का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला सतेश्वर पश्चिमी निवासी राघवेन्द्र गुप्ता पुत्र प्रेमचन्द्र गुप्ता 31 मई को अपनी पत्नी के साथ रिश्तेदार के यहां शादी की सालगिरह समारोह में शामिल होने गए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर घर में प्रवेश किया और अंदर रखे कमरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित जब वापस घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला खुला मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। घटना देखकर परिवार के होश उड़ गए। तत्काल डायल 112 और स्थानीय कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे घटना के अहम सुराग मिटाने की कोशिश की गई। चोर सोने की दो चेन, मंगलसूत्र, अंगूठियां, बेंदी, चांदी की चूड़ी और पायल की जोड़ी समेत अन्य कीमती आभूषण चोरी कर ले गए। इसके अलावा गोलक में रखे करीब 25 हजार रुपये और लगभग दो लाख रुपये की नकदी भी पार कर दी गई।
पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर जांच कर चोरी का खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।