रोड़ावेटर में फंसकर युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

टेन न्यूज़ !! ०८ जून २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो
औरैया। जनपद के कुदरकोट थाना क्षेत्र में खेत की जुताई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुदरकोट थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर खास के मजरा टीला निवासी सुरजीत यादव उर्फ पुता पुत्र स्वर्गीय रामवीर सिंह रविवार सुबह रठा गांव में सतपाल उर्फ लहुआ के खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। खेत में पौध रोपाई की तैयारी के लिए ट्रैक्टर के पीछे रोड़ावेटर लगाया गया था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर चलाते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़े। पीछे चल रहे रोड़ावेटर में फंस जाने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया है कि मृतक सुरजीत यादव अविवाहित थे और दो भाइयों में सबसे छोटे थे। परिवार में बड़े भाई शिववीर और बहन नीतू हैं। युवक की असमय मौत से मां शिरोमणि देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि सुरजीत मेहनती और मिलनसार स्वभाव के युवक थे। उनकी अचानक हुई मौत से गांव और क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, औरैया।