• Mon. Jun 8th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

भीषण गर्मी और बदलते मौसम से बढ़ीं संक्रामक बीमारियां, अस्पतालों में मरीजों की बढ़ी भीड़

ByTen News One Desk

Jun 8, 2026
7 Views

भीषण गर्मी और बदलते मौसम से बढ़ीं संक्रामक बीमारियां, अस्पतालों में मरीजों की बढ़ी भीड़


टेन न्यूज़ !! ०८ जून २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो

औरैया। जनपद में भीषण गर्मी और लगातार बदलते मौसम के कारण संक्रामक एवं मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ता दिखाई दे रहा है। सरकारी और निजी अस्पतालों में बुखार, जुकाम, खांसी, डायरिया, टाइफाइड, मलेरिया, पेट दर्द और वायरल फीवर से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दबाव बढ़ता नजर आ रहा है।

बिधूना नगर सहित बेला, याकूबपुर, मल्हौसी, ऐरवाकटरा, उमरैन, कुदरकोट, सहायल, हरचंदपुर, अछल्दा, सहार, कंचौसी, रुरुगंज, रठगांव, अजीतमल, बाबरपुर और अटसू क्षेत्र के अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़ देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मौसम में अचानक बदलाव और बढ़ती गर्मी के कारण बीमारियां तेजी से फैल रही हैं।

वहीं बीमारियों की जांच के नाम पर कुछ निजी पैथोलॉजी केंद्रों द्वारा मनमाना शुल्क वसूले जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। लोगों का आरोप है कि मरीजों को अनावश्यक जांचों के लिए भेजकर आर्थिक शोषण किया जा रहा है।

क्षेत्र के बुद्धिजीवियों और सामाजिक संगठनों ने शासन, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। उन्होंने मच्छरजनित रोगों से बचाव के लिए नियमित फॉगिंग, साफ-सफाई और जागरूकता कार्यक्रमों को तेज करने पर जोर दिया है।

हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में मौसमी बीमारियों के सामान्य मामले सामने आ रहे हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। विभाग द्वारा अस्पतालों में पर्याप्त दवाओं और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

इसके बावजूद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बढ़ते मच्छरों के प्रकोप तथा सफाई व्यवस्थाओं को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, औरैया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!