आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

टेन न्यूज़ !! ०८ जून २०२६ !! रामचंद्र सक्सेना ब्यूरो
पीलीभीत। जनपद में आयोजित होने वाली आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ड्रमण्ड राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज, एस.एन. इंटर कॉलेज, उपाधि महाविद्यालय तथा राजकीय पॉलिटेक्निक पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की चेकिंग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने सभी केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को मजबूत बनाए रखने के निर्देश भी दिए।