• Mon. Jun 8th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

पत्नी और ससुराल पक्ष से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान, सुसाइड से पहले बनाया वीडियो

ByTen News One Desk

Jun 8, 2026
6 Views

पत्नी और ससुराल पक्ष से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान, सुसाइड से पहले बनाया वीडियो


टेन न्यूज़ !! ०८ जून २०२६ !! वसीम खान ब्यूरो

रायबरेली। जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां कथित पारिवारिक विवाद और ससुराल पक्ष से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने करीब चार मिनट का वीडियो बनाकर अपनी पीड़ा व्यक्त की, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार शिवगढ़ थाना क्षेत्र के मनऊ खेड़ा निवासी देवेश की शादी करीब दो वर्ष पूर्व लक्ष्मणपुर गांव निवासी नीतू से हुई थी। बताया जा रहा है कि पिछले तीन महीनों से पत्नी अपने मायके में रह रही थी और ससुराल लौटने को तैयार नहीं थी। दोनों पक्षों के बीच विवाद को सुलझाने के लिए महिला थाने में काउंसलिंग भी कराई गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।

परिजनों के मुताबिक कुछ समय पूर्व देवेश अपनी पत्नी को विदा कराने के लिए अपने चाचा के साथ ससुराल गया था। इसी दौरान ससुराल पक्ष ने उसके चाचा पर छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया था। बताया जा रहा है कि इन आरोपों से देवेश मानसिक रूप से काफी परेशान था।

आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में देवेश ने रोते हुए खुद पर और अपने परिवार पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया तथा अपनी मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया। घटना 4 जून की बताई जा रही है।

घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, उपलब्ध साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!