• Tue. Jun 9th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

शादी के डेढ़ महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप

ByTen News One Desk

Jun 9, 2026
29 Views

शादी के डेढ़ महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप


टेन न्यूज़ !! ०९ जून २०२६ !! अमुक सक्सेना

तिलहर (शाहजहांपुर)। तिलहर कोतवाली क्षेत्र के गांव गोबरसंडा में शादी के महज डेढ़ महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव घर में फांसी के फंदे से लटका मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, सीतापुर जनपद के हरगांव निवासी अशोक कुमार ने अपनी पुत्री अंजनी का विवाह 20 अप्रैल 2026 को गोबरसंडा निवासी अरुण कन्नौजिया के साथ किया था। मृतका के पिता का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा बाइक और अन्य सामान की मांग को लेकर उनकी पुत्री को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

परिजनों का आरोप है कि रविवार रात अंजनी की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। सूचना मिलने पर पुलिस और मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारी मोहित तंवर ने बताया कि जिस कमरे में घटना हुई, उसका दरवाजा खुला हुआ मिला।

मृतका के पिता की तहरीर पर पति अरुण कन्नौजिया, उसके भाई रोहित, आजाद, राहुल तथा ससुर सेठपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

कोतवाली प्रभारी प्रिंस शर्मा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

टेन न्यूज़ के लिए तिलहर से विशेष रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!