मेहंदी घाट पर बाढ़ आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल, आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का परीक्षण![]()
टेन न्यूज ii 11 जून 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से मेहंदी घाट पर जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार की मौजूदगी में विभिन्न विभागों की तैयारियों का परीक्षण किया गया।
मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी बाढ़ राहत इकाई, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य, अग्निशमन विभाग और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। अभ्यास के दौरान बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
रेस्क्यू बोट संचालन, लाइफ जैकेट और सुरक्षा उपकरणों के उपयोग के साथ सायरन व पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लोगों को समय रहते सतर्क करने की व्यवस्था भी प्रदर्शित की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बाढ़ संभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने आमजन से अपील की कि बाढ़ के दौरान अफवाहों से बचें और आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें।