• Thu. Jun 11th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

पचमढ़ी स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली, छह माह से डॉक्टर नहीं; मरीज और पर्यटक परेशान

ByTen News One Desk

Jun 11, 2026
2 Views

पचमढ़ी स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली, छह माह से डॉक्टर नहीं; मरीज और पर्यटक परेशान


टेन न्यूज़ ii 11 जून 2026 ii नर्मदापुरम (मध्य प्रदेश)

रिपोर्ट: विकास सियारिया ब्यूरो

मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पचमढ़ी से स्वास्थ्य व्यवस्था की चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन के लिए मशहूर पचमढ़ी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्वयं बदहाल स्थिति में नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं भगवान भरोसे संचालित हो रही हैं।

जानकारी के अनुसार, पचमढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले लगभग छह माह से नियमित डॉक्टर की पदस्थापना नहीं है। डॉक्टरों की कमी के कारण करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित अस्पताल भवन का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वर्तमान में अस्पताल की व्यवस्था केवल दो नर्सों के भरोसे चल रही है।

पचमढ़ी में प्रतिवर्ष लाखों पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ और विशेषज्ञ डॉक्टरों के अभाव में आपातकालीन स्थिति में मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार मरीजों को उपचार के लिए नर्मदापुरम या पिपरिया रेफर करना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक दोनों प्रकार की कठिनाइयां बढ़ जाती हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं की खराब स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। इसी क्रम में नगर कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शुक्ल के नेतृत्व में अनीस खान, गोपालदास काबरा सहित अन्य पदाधिकारियों ने कलेक्टर नर्मदापुरम एवं स्वास्थ्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर स्वास्थ्य केंद्र में शीघ्र डॉक्टरों और आवश्यक स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति की मांग की।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर मामले को कितनी प्राथमिकता से लेते हैं तथा पचमढ़ी स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक व्यवस्थाएं बहाल करने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं। :::

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!