तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिजनों ने हाईवे किया जाम![]()
टेन न्यूज़ ii 13 जून 2026 ii अमुक सक्सेना
तिलहर/शाहजहांपुर। तिलहर कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित भक्शी तिराहे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे तक नेशनल हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।![]()
जानकारी के अनुसार, ग्राम रुजबारी निवासी 22 वर्षीय अंशुल पांडे पुत्र अजीत पांडे अपनी बहन डॉली को बाइक से भक्शी तिराहे पर छोड़ने गया था। शनिवार सुबह करीब 10 बजे वापस लौटते समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंशुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़ी एक टैक्सी कार से भी जा टकराया। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी जीत सिंह राय, क्षेत्राधिकारी इशिका सिंह तथा क्राइम इंस्पेक्टर सुनील यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल युवक को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिलहर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित रहा। क्षेत्राधिकारी इशिका सिंह ने मौके पर पहुंचकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया और यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने कार चला रही महिला को हिरासत में ले लिया है। वहीं शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।