• Sat. Jun 13th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

बिलपुर आरओबी निर्माण ने स्टेशन रोड को बनाया दलदल, राहगीरों की जान पर बनी आफत

ByTen News One Desk

Jun 13, 2026
3 Views

बिलपुर आरओबी निर्माण ने स्टेशन रोड को बनाया दलदल, राहगीरों की जान पर बनी आफत


बारिश में सड़क बनी कीचड़ का तालाब, फिसलकर गिर रहे बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे; व्यापारियों का कारोबार प्रभावित


टेन न्यूज ii 13 जून 2026 ii मुनीश चन्द्र शर्मा

फतेहगंज पूर्वी/बरेली । बदायूं-दातागंज मार्ग को जोड़ने वाला स्टेशन रोड इन दिनों लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य के चलते कार्यदायी संस्था द्वारा सड़क पर डाला गया मलबा बारिश के बाद दलदल में तब्दील हो गया है। जगह-जगह कीचड़ और गहरे गड्ढे बन जाने से राहगीरों का निकलना दूभर हो गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर फैले मलबे को हटाने की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई। बारिश के बाद पूरा क्षेत्र कीचड़ से भर गया, जिससे आए दिन लोग फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है।

क्षेत्रीय नागरिकों और व्यापारियों के अनुसार स्टेशन रोड नगर का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। इसके बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर जिम्मेदार विभाग गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि निर्माण कार्य के साथ सड़क को आवागमन योग्य बनाए रखने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए, जिससे आमजन को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।

व्यापारियों का कहना है कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण ग्राहकों का आना-जाना प्रभावित हुआ है, जिससे कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। कई दुकानदारों ने आरोप लगाया कि आरओबी निर्माण के नाम पर सड़क खोदकर छोड़ दी गई है और कई स्थानों पर काम अधूरा पड़ा हुआ है।

स्थानीय नागरिकों ने कार्यदायी संस्था पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। सड़क पर फैली कीचड़, खुले गड्ढे और अधूरा निर्माण हादसों को न्योता दे रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर दिखाई नहीं दे रहे।

मेन रोड पर मौत का गड्ढा, अधूरा पोल निर्माण बना खतरा

इसी मार्ग पर बदायूं-दातागंज मेन रोड में पोल निर्माण के लिए खोदा गया गड्ढा अब हादसों का कारण बनता जा रहा है। यह गड्ढा सीधे यातायात लेन में पड़ रहा है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक कई दिनों पहले पोल निर्माण के लिए फाउंडेशन का कार्य पूरा कर लिया गया था, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। विभाग की ओर से केवल औपचारिक अवरोधक लगाकर जिम्मेदारी पूरी कर ली गई है। रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और चेतावनी संकेतों के अभाव में दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत, मलबा हटाने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था और अधूरे निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!