• Sun. Jun 14th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

संकल्प से सिद्धि और सेवा से सुशासन को समर्पित रहे हैं केंद्र सरकार के 12 वर्ष : प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप

ByTen News One Desk

Jun 14, 2026
3 Views

संकल्प से सिद्धि और सेवा से सुशासन को समर्पित रहे हैं केंद्र सरकार के 12 वर्ष : प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप


टेन न्यूज़ !! १४ जून २०२६ !! डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर, 14 जून। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गन्ना शोध परिषद में आयोजित प्रेस वार्ता में सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का लाभ करोड़ों जरूरतमंद नागरिकों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” केवल नारा नहीं बल्कि जनआंदोलन बन चुका है।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत करोड़ों बैंक खाते खोले गए, आयुष्मान भारत योजना से स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित हुई तथा प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने आमजन के जीवन स्तर में व्यापक सुधार किया है। किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड और विभिन्न कृषि योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि देश में सड़क, रेल, मेट्रो, हवाई अड्डों और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में रिकॉर्ड विकास हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, वंदे भारत ट्रेनों का संचालन, रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण और भारतनेट परियोजना के माध्यम से गांवों को इंटरनेट से जोड़ना नए भारत की पहचान है।

नरेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक स्वीकार्यता और बढ़ता विदेशी निवेश भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहे हैं तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार के कार्यकाल में शाहजहांपुर जनपद में कानून व्यवस्था, आधारभूत संरचना, परिवहन और रोजगार सृजन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं।

उन्होंने बताया कि जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए एक साइबर क्राइम थाना तथा एक नारकोटिक्स सेल की स्थापना की गई है। मिशन शक्ति अभियान के तहत 919 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया तथा 111 महिला बीटों का आवंटन किया गया। एंटी रोमियो स्क्वॉड द्वारा 84,842 स्थानों पर निरीक्षण एवं अभियान चलाकर लगभग 2.95 लाख व्यक्तियों की जांच की गई, जिनमें से 2.47 लाख से अधिक को चेतावनी देकर छोड़ा गया।

कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अपराधियों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान 799 अपराधियों के साथ मुठभेड़ हुई, जिनमें 143 अपराधी घायल हुए तथा दो अपराधी मारे गए। 1,047 अपराधियों को जेल भेजा गया, जबकि 1,411 पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त 12 व्यक्तियों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई की गई।

आधारभूत संरचना के क्षेत्र में 1,416.12 करोड़ रुपये की लागत से 11 प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया गया। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना शाहजहांपुर की तीन तहसीलों से होकर लगभग 40 किलोमीटर क्षेत्र में गुजर रही है। एक्सप्रेसवे पर भारतीय वायुसेना की आपातकालीन लैंडिंग के लिए 3.5 किलोमीटर लंबी एयरस्ट्रिप भी विकसित की गई है।

रेल एवं सड़क परिवहन सुविधाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि लखनऊ-देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस का शाहजहांपुर में ठहराव शुरू होने से यात्रियों को विशेष सुविधा मिली है। साथ ही पीलीभीत-शाहजहांपुर रेलखंड का मीटर गेज से ब्रॉड गेज में परिवर्तन किया गया है।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा शाहजहांपुर से दिल्ली एवं लखनऊ के लिए वातानुकूलित बस सेवाएं प्रारंभ की गई हैं। पुराने बस अड्डे का 18.95 लाख रुपये की लागत से जीर्णोद्धार कराया गया है, जबकि अहमदपुर नियाजपुर में 12.48 करोड़ रुपये की लागत से नए सेटेलाइट बस अड्डे का निर्माण कराया गया है।

रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत 13,689 युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिनमें से 8,732 को रोजगार मिला। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत 1,631 युवाओं को प्रशिक्षण देकर 1,041 को रोजगार उपलब्ध कराया गया। इसके अतिरिक्त रोजगार मेलों के माध्यम से 23,973 अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर प्रदान किए गए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!