कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने किया तिरंगा लाइट का उद्घाटन, तिरंगे की रोशनी से जगमगाया शक्तिफार्म

टेन न्यूज़ !! १७ जून २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता, ब्यूरो
उधमसिंह नगर/उत्तराखंड । नगर पंचायत शक्तिगढ़ (शक्तिफार्म) में स्थापित तिरंगा लाइट का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा एवं नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित मंडल ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन समारोह के दौरान क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि तिरंगा लाइट केवल सौंदर्यीकरण की एक परियोजना नहीं है, बल्कि यह युवाओं और नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और देशभक्ति की भावना को सशक्त करने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है तथा इसकी प्रेरणा नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित मंडल ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। तिरंगा लाइट की स्थापना भी इसी श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे नगर की सुंदरता में वृद्धि होगी और लोगों को एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।
तिरंगे के रंगों से सजी यह विशेष प्रकाश व्यवस्था अब शक्तिफार्म की पहचान बनती नजर आ रही है। शाम ढलते ही तिरंगे की रोशनी से पूरा क्षेत्र जगमगा उठता है, जो स्थानीय लोगों और आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है।
अब शक्तिफार्म की शामें तिरंगे की रोशनी से और भी खूबसूरत और देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आएंगी।