छात्र की सड़क हादसे में मौत से परिवार में मचा कोहराम

टेन न्यूज ii 22 जून 2026 ii ब्यूरो चीफ: रामजी पोरवाल
औरैया। औरैया के दिबियापुर थाना क्षेत्र के हर्राजपुर गांव निवासी एक बीएससी नर्सिंग छात्र की सड़क हादसे में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
हर्राजपुर निवासी नीरज कुमार (22 वर्ष) बीएससी नर्सिंग का पेपर देने आगरा गए थे। वहां सड़क पार करते समय एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया और घटना की जानकारी परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिजन आगरा पहुंचे और नीरज का उपचार शुरू कराया। हालत में सुधार न होने पर दो दिन पहले उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था। रविवार को उपचार के दौरान नीरज ने दम तोड़ दिया।
सैफई पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को गांव हर्राजपुर लेकर पहुंचे, जहां अंतिम संस्कार कर दिया गया। नीरज अपने पीछे एक भाई और एक बहन छोड़ गए हैं। उनके पिता हरिश्चंद्र पशु विभाग में कार्यरत हैं। वर्तमान में परिवार दिबियापुर नगर के विकास कुंज मोहल्ले में निवास करता है।
युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।