घर में घुसे चोर, लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार; पुलिस जांच में जुटी![]()
टेन न्यूज ii 22 जून 2026 ii ब्यूरो चीफ: रामजी पोरवाल
औरैया। औरैया के सहायल थाना क्षेत्र स्थित पुरवा हेमागांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी ज्ञान सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रात करीब दो बजे अज्ञात चोर घर में घुस आए और कमरे में रखे संदूक का ताला तोड़ दिया। चोर संदूक में रखे सोने के जेवरात और 11 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान में सोने की झुमकी, दो अंगूठियां, तीन जोड़ी तोड़िया, कान की बालियां, दो लॉकेट सहित अन्य कीमती जेवर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री निधि यादव, निवासी आदमपुर थाना सोरिख, कुछ दिन पहले मायके आई थी। उसके सोने के जेवर भी उसी संदूक में रखे थे।
चोरी गए जेवरों में एक जोड़ी सुई-धागा, छह सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, मंगलसूत्र और एक जोड़ी झाले शामिल हैं। घटना के बाद ज्ञान सिंह ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।