• Mon. Jun 29th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कटरा में लो-वोल्टेज और बिजली संकट से फूटा जनाक्रोश, बिजलीघर का घेराव कर विभाग को दी आर-पार की चेतावनी

ByTen News One Desk

Jun 29, 2026
6 Views

लो-वोल्टेज और बिजली संकट से फूटा जनाक्रोश, बिजलीघर का घेराव कर विभाग को दी आर-पार की चेतावनी


समस्या का समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन, बिजली विभाग के खिलाफ खुला मोर्चा


टेन न्यूज़ ii 29 जून 2026 ii पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर

मीरानपुर कटरा नगर के मोहल्ला बिल्लीगंज, ताहवरगंज, अहिरान, नादिरशाह और सराय में लंबे समय से बनी लो-वोल्टेज, अघोषित बिजली कटौती और बार-बार फीडर खराब होने की समस्या को लेकर सोमवार को लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली व्यवस्था चरमराने से लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। घरों में पंखे, कूलर, फ्रिज और अन्य बिजली उपकरण पर्याप्त वोल्टेज न मिलने के कारण ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

आक्रोशित नागरिक बड़ी संख्या में बिजलीघर पहुंचे और विद्युत उपखंड अधिकारी (जेई) संजय कुमार का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कई महीनों से लगातार शिकायतें और प्रार्थना पत्र दिए जा रहे हैं, लेकिन विभाग की ओर से केवल आश्वासन मिलते रहे। समस्या का स्थायी समाधान आज तक नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि संबंधित ट्रांसफार्मर पर क्षमता से अधिक लोड है, फिर भी विभाग उसे बदलने या अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रहा।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि लो-वोल्टेज के कारण दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रात में पर्याप्त बिजली न मिलने से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है, वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। कई घरों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने का खतरा बढ़ गया है, जिससे आर्थिक नुकसान की आशंका भी बनी हुई है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही लो-वोल्टेज की समस्या का समाधान नहीं किया गया और बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो बिजली विभाग के खिलाफ बड़ा जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन, बिजलीघर का घेराव और उच्च अधिकारियों तक विरोध दर्ज कराया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।

ज्ञापन देने वालों में पूर्व सभासद प्रकाश गंगवार, सभासद पति संतोष गंगवार, राजीव गंगवार, सुमित सिंह, अरविंद गंगवार, रवि गंगवार, अरुण कश्यप, सुनील कश्यप, धर्मेंद्र कश्यप, पंकज गंगवार, देवेंद्र गंगवार सहित बड़ी संख्या में मोहल्लावासी मौजूद रहे। लोगों ने स्पष्ट कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल प्रभावी कार्रवाई चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!