मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान ने बदली अरीश रजा की जिंदगी, बेरोजगारी से स्वरोजगार तक का प्रेरक सफर![]()
टेन न्यूज ii 29 जून 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं के जीवन में नई उम्मीद जगा रही है। जनपद कन्नौज के गुरसहायगंज निवासी अरीश रजा इसकी जीवंत मिसाल बनकर सामने आए हैं।
कुछ समय पहले तक अरीश रजा बेरोजगारी से जूझ रहे थे और रोजगार की तलाश में थे। इसी दौरान उन्हें जिला उद्योग केन्द्र, कन्नौज के माध्यम से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जानकारी मिली। योजना से प्रेरित होकर उन्होंने आवेदन किया और उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, गुरसहायगंज शाखा से ₹5 लाख का ब्याज मुक्त ऋण प्राप्त किया।
ऋण मिलने के बाद अरीश रजा ने अपना बेकरी उद्योग शुरू किया, जो आज सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। इस व्यवसाय ने न केवल उन्हें स्थायी स्वरोजगार दिया, बल्कि चार अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराया। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई और वे आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़े।
अरीश रजा ने कहा, “मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान मेरे जीवन में नई उम्मीद लेकर आया। इस योजना ने मुझे अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर दिया। आज मैं सम्मानपूर्वक अपना व्यवसाय चला रहा हूँ और दूसरों को भी रोजगार देने में सक्षम हूँ।”
उन्होंने योगी आदित्यनाथ, जिला प्रशासन और जिला उद्योग केन्द्र के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही युवाओं से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर नौकरी खोजने के बजाय स्वयं उद्यम स्थापित करें और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदार बनें।