रायबरेली जिला अस्पताल में मानवता शर्मसार, मानसिक विक्षिप्त युवक को आया ने लातों से पीटा![]()
टेन न्यूज़ ii 30 जून 2026 ii वसीम खान ब्यूरो
रायबरेली। जिला पुरुष अस्पताल से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। मरीजों की सेवा के लिए तैनात एक महिला आया ने मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक को बेरहमी से लातों से पीटा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में मौजूद मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक के साथ आया पिंकी ने अमानवीय व्यवहार किया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला कर्मचारी युवक को लगातार लात मार रही है और उसके साथ अभद्र भाषा का भी प्रयोग कर रही है। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे, जबकि किसी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब हाल ही में रायबरेली के एक मंदिर में मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की पिटाई का मामला चर्चा में रहा था। ऐसे में लगातार सामने आ रही घटनाएं प्रशासन और समाज दोनों के लिए चिंता का विषय बन गई हैं।
मामले पर जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पुष्पेंद्र से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका पक्ष सामने नहीं आ सका। फोन रिसीव न किए जाने से प्रशासनिक चुप्पी पर भी सवाल उठ रहे हैं।
अस्पताल स्टाफ के बीच दबी जुबान में चर्चा है कि आरोपी महिला कर्मचारी को प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते उसका व्यवहार बेलगाम हो गया है। अब वीडियो वायरल होने के बाद सबकी नजर इस बात पर है कि स्वास्थ्य विभाग आरोपी कर्मचारी पर क्या कार्रवाई करता है।
टेन न्यूज़ के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट।