• Wed. Jul 1st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ, हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का संकल्प

ByTen News One Desk

Jul 1, 2026
3 Views

स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ, हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का संकल्प


टेन न्यूज ii 01 जुलाई 2026 ii प्रभाष चंद्र ब्यूरो

कन्नौज, उत्तर प्रदेश। जनपद कन्नौज में स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण (1 जुलाई से 15 जुलाई 2026) का शुभारंभ उत्साह और जनसहभागिता के साथ किया गया। अभियान के तहत कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी सभागार में कार्यक्रम आयोजित हुआ तथा जागरूकता रैली निकालकर प्रत्येक बच्चे को विद्यालय तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर से स्कूल चलो अभियान रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों से शत-प्रतिशत नामांकन तथा नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की।

कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ पार्टी जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया।

कार्यक्रम में पीएम कम्पोजिट विद्यालय बेहरिन की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” विषय पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

इस दौरान कम्पोजिट विद्यालय सरायमीरा एवं पीएम कम्पोजिट विद्यालय बेहरिन के नव नामांकित विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं स्टेशनरी किट वितरित की गई। साथ ही अभियान के प्रथम चरण में सर्वाधिक नामांकन कराने वाले पांच विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों को मोमेंटो और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

सम्मानित शिक्षकों में प्राथमिक विद्यालय जसपुरापुर सरैया की प्रधानाध्यापिका रेनू कमल, प्राथमिक विद्यालय कुअरपुर बनवारी की प्रधानाध्यापिका सुमन लता यादव, उच्च प्राथमिक विद्यालय सड़ियापुर बांगर के शिक्षक मोहम्मद फुरकान, प्राथमिक विद्यालय पैदाबाद के सहायक अध्यापक आकाश कुमार तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय पनवारा की प्रधानाध्यापिका लता कुमारी शामिल रहीं।

जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज ने कहा कि आधुनिक और डिजिटल युग में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों की शिक्षा देना भी बेहद आवश्यक है।

मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता तथा सामान्य ज्ञान के विकास पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

पार्टी जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा परिषदीय विद्यालयों में निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, मध्याह्न भोजन सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। डीबीटी के माध्यम से अभिभावकों के खातों में ₹1200 की धनराशि भेजी जा रही है, जिससे बच्चों के लिए ड्रेस, बैग, जूते-मोजे, स्वेटर एवं स्टेशनरी की व्यवस्था हो सके।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूल चलो अभियान को जनसहभागिता से सफल बनाकर जनपद के प्रत्येक पात्र बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा।

कार्यक्रम में बीईओ जलालाबाद शिवेंद्र कुमार, बीईओ कन्नौज मधुलिका बाजपेयी, शिक्षक अतुल दीक्षित, रोशनी दुबे सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आशुतोष दुबे ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!