वन महोत्सव–2026 के तहत “एक पेड़ माँ के नाम 3.0” अभियान का शुभारंभ, जागरूकता रैली को दिखाई गई हरी झंडी![]()
टेन न्यूज ii 01 जुलाई 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज, उत्तर प्रदेश। वन महोत्सव–2026 के अंतर्गत जनपद कन्नौज में “एक पेड़ माँ के नाम 3.0” अभियान का शुभारंभ कलेक्ट्रेट परिसर से किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने पीपल का पौधा रोपित किया। वहीं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेंद्र सिंह ने नीम का पौधा लगाया। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने आंवले का पौधारोपण किया। प्रभागीय वनाधिकारी हेमंत सेठ सहित अन्य अधिकारियों ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन, जैव विविधता और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम 3.0” अभियान प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के सम्मान और प्रकृति के प्रति कर्तव्यबोध से जोड़ने वाला प्रेरणादायी प्रयास है।
इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर से स्कूली छात्र-छात्राओं की सहभागिता के साथ भव्य जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से अधिकाधिक वृक्षारोपण और लगाए गए पौधों के संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुँचाया गया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नारों के जरिए लोगों को जागरूक किया।![]()
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं को पौधे भी वितरित किए गए और उन्हें वृक्षों के महत्व, प्रकृति संरक्षण तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।
अंत में अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प लिया। वन विभाग ने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर हरित एवं स्वच्छ कन्नौज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।