शाहजहांपुर में एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई, सदर तहसील का लेखपाल 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा, मुकदमा दर्ज![]()
टेन न्यूज ii 01 जुलाई 2026 ii रिपोर्टर: पप्पू अंसारी
कटरा/शाहजहांपुर।
उत्तर प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन), बरेली की टीम ने बुधवार को शाहजहांपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर तहसील में तैनात लेखपाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया।
प्रेस नोट के अनुसार, आरोपी लेखपाल योगेश कुमार तिवारी, पुत्र दिनेश तिवारी, सदर तहसील के ककरा हल्का क्षेत्र में तैनात हैं। शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी शाकिर अली ने अपनी मां के खेत की मेड़बंदी कराने के लिए लेखपाल से संपर्क किया था। आरोप है कि लेखपाल ने कार्य कराने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता द्वारा रिश्वत देने से इनकार करने पर उसका कार्य रोक दिया गया।
इसके बाद शाकिर अली ने बरेली स्थित भ्रष्टाचार निवारण संगठन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया।
बुधवार दोपहर करीब 12:37 बजे, शाहजहांपुर बाईपास फ्लाईओवर के नीचे जाल बिछाकर टीम ने आरोपी लेखपाल को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लेते ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को मीरानपुर कटरा थाने लाया गया, जहां पूछताछ के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत तुरंत एंटी करप्शन संगठन से करें। शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।