• Thu. Jul 2nd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

मानवता की मिसाल बने हेड कांस्टेबल रहमान अली, सूझबूझ और तत्परता से बचाई युवक की जान

ByTen News One Desk

Jul 2, 2026
10 Views

मानवता की मिसाल बने हेड कांस्टेबल रहमान अली, सूझबूझ और तत्परता से बचाई युवक की जान


टेन न्यूज़ !! ०२ जुलाई २०२६ !! रिपोर्टर: पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। अक्सर पुलिस की पहचान कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित मानी जाती है, लेकिन मीरानपुर कटरा में तैनात हेड कांस्टेबल रहमान अली (एचसी-767) ने अपने मानवीय व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठा से यह साबित कर दिया कि पुलिस जनता की सच्ची साथी भी है।

मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे मीरानपुर कटरा चौराहे के पास गश्त के दौरान हेड कांस्टेबल रहमान अली की नजर सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़े एक युवक पर पड़ी। उन्होंने बिना समय गंवाए युवक की स्थिति का जायजा लिया और तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कटरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से युवक की हालत सामान्य हो गई।

बाद में युवक की पहचान अजय (23 वर्ष), पुत्र ओमप्रकाश, निवासी ग्राम कपूर नगला, थाना मीरानपुर कटरा के रूप में हुई। युवक के होश में आने के बाद हेड कांस्टेबल रहमान अली ने उसके परिजनों को तत्काल सूचना देकर अस्पताल बुलाया, जिससे परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली।

रहमान अली की संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय सोच की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर पुलिस की मदद नहीं मिलती तो युवक की हालत और गंभीर हो सकती थी। रहमान अली ने यह साबित कर दिया कि पुलिस की वर्दी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, करुणा और इंसानियत का भी प्रतीक है।

हेड कांस्टेबल रहमान अली के इस सराहनीय कार्य ने आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत किया है। लोगों ने उनके सेवा भाव की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे पुलिसकर्मी पूरे विभाग के लिए प्रेरणा हैं, जो अपने कर्तव्य के साथ-साथ मानवता को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!