मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पीलीभीत में 397 जोड़ों का विवाह संपन्न, नव दंपतियों को मिला आशीर्वाद![]()
टेन न्यूज ii 02 जुलाई 2026 ii रिपोर्ट: रामचंद्र सक्सेना ब्यूरो
पीलीभीत।
समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को नवीन मंडी समिति परिसर, पीलीभीत में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। विधानसभा पीलीभीत में कुल पंजीकृत 447 जोड़ों के सापेक्ष 397 नवयुगलों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें 220 हिंदू तथा 177 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के प्रतिनिधि एवं ब्लॉक प्रमुख ललौरीखेड़ा अजय सिंह गंगवार उपस्थित रहे। उनके साथ ब्लॉक प्रमुख अमरिया श्याम सिंह उर्फ निशान सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष संदीप कौर, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रोशनी यादव, नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार, उपायुक्त स्वतः रोजगार वंदना सिंह तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी चन्द्रमोहन विश्नोई सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।![]()
समारोह के दौरान सभी नवविवाहित जोड़ों को आवश्यक उपहार सामग्री वितरित की गई तथा अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नव दंपतियों को आशीर्वाद दिया। साथ ही प्रत्येक जोड़े को एक-एक पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
मुख्य अतिथियों ने नव दंपतियों को वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का पवित्र मिलन है। उन्होंने सभी नवविवाहितों के सुखद, समृद्ध और सफल दांपत्य जीवन की कामना की।
राज्यमंत्री प्रतिनिधि अजय सिंह गंगवार ने कहा कि सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और “सबका साथ, सबका विकास” का संकल्प साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सभी नवविवाहित जोड़ों को दिए गए पौधे अपनी माताओं के नाम पर लगाएं और उनकी देखभाल करें।
जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जो नवविवाहित जोड़े स्वरोजगार स्थापित करना चाहते हैं, वे मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान का लाभ उठा सकते हैं। इस योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने सभी वर-वधुओं से सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की, जिससे उन्हें जनपद में स्थापित हो रही नई फैक्ट्रियों में रोजगार प्राप्त करने में सुविधा होगी।
कार्यक्रम के दौरान जनपद स्तरीय अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी उपस्थित लोगों को दी। सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक समरसता, सौहार्द और जनकल्याण का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।