कटरा की सब्जी मंडी से बढ़ रहा हादसों का खतरा, प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्रीय गौ रक्षक संघ ने हटाने की उठाई मांग![]()
टेन न्यूज ii 05 जुलाई 2026 ii पप्पू अंसारी
कटरा (शाहजहांपुर)। थाना कटरा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे लगने वाली अवैध सब्जी मंडी को लेकर हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। सड़क किनारे ई-रिक्शा और ठेलों पर सब्जी की बिक्री होने से राजमार्ग का एक हिस्सा अक्सर बाधित रहता है, जिससे यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
राष्ट्रीय गौ रक्षक संघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंडित अजीत शर्मा ने आरोप लगाया कि सब्जी मंडी के कारण लगने वाले जाम से शनिवार सुबह एक व्यक्ति की जान चली गई। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में भी ऐसे हादसे हो सकते हैं।
पंडित अजीत शर्मा ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे लगने वाली सब्जी मंडी को तत्काल हटाकर उसके लिए किसी उपयुक्त स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस मामले में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।
उन्होंने लोगों से भी यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का जीवन अमूल्य है और उसकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।