• Tue. Jul 14th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

डॉ. पीर मोहम्मद अंसारी ने प्रधानमंत्री को भेजा छह सूत्रीय ज्ञापन, रेल सेवाओं की बहाली सहित विकास कार्यों की उठाई मांग

ByTen News One Desk

Jul 14, 2026
4 Views

डॉ. पीर मोहम्मद अंसारी ने प्रधानमंत्री को भेजा छह सूत्रीय ज्ञापन, रेल सेवाओं की बहाली सहित विकास कार्यों की उठाई मांग


टेन न्यूज़ !! १४ जुलाई २०२६ !! अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर

तिलहर, शाहजहांपुर। कैमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पूर्व सभासद डॉ. पीर मोहम्मद अंसारी ने प्रधानमंत्री को छह सूत्रीय ज्ञापन भेजकर शाहजहांपुर जनपद में रेल सेवाओं की बहाली, औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन तथा आधारभूत संरचना के समग्र विकास के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

ज्ञापन में डॉ. अंसारी ने कहा कि शाहजहांपुर अमर शहीद अशफाक उल्ला खान, पंडित रामप्रसाद बिस्मिल और ठाकुर रोशन सिंह की कर्मभूमि होने के बावजूद विकास, उद्योग, रोजगार, परिवहन और आधारभूत सुविधाओं के मामले में प्रदेश के पिछड़े जनपदों में शामिल है। उन्होंने केंद्र सरकार से जनपद के समग्र विकास के लिए विशेष ध्यान देने का आग्रह किया है।

ज्ञापन में जनता एक्सप्रेस, वाराणसी–देहरादून रेल सेवा, नौचंदी एक्सप्रेस, इलाहाबाद–मेरठ रेल सेवा, लखनऊ–सहारनपुर पैसेंजर, बरेली–इलाहाबाद पैसेंजर तथा दिल्ली–शाहजहांपुर पैसेंजर जैसी रेल सेवाओं को पुनः शुरू किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई है।

इसके अलावा शाहजहांपुर स्थित ऑर्डनेंस क्लोदिंग फैक्ट्री में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती प्रारंभ करने, तिलहर–कटरा क्षेत्र में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, युवाओं के लिए विशेष रोजगार एवं कौशल विकास कार्यक्रम संचालित करने, जनपद के लिए विशेष केंद्रीय विकास पैकेज स्वीकृत करने तथा नीति आयोग एवं संबंधित मंत्रालयों से जनपद के विकास की विस्तृत समीक्षा कराने की मांग भी की गई है।

डॉ. अंसारी ने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और औद्योगिक सुविधाओं के विकास के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर जनपद के समग्र विकास को प्राथमिकता देने का भी आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!