महोबा: थाना खन्ना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जुआ खेलते 5 आरोपी गिरफ्तार, ₹1.01 लाख से अधिक नकदी बरामद![]()
टेन न्यूज ii 13 जुलाई 2026 ii रिपोर्ट: राहुल विश्वकर्मा | टेन न्यूज़
महोबा। जनपद महोबा की थाना खन्ना पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ खेलते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,01,150 से अधिक की नकदी, 7 मोबाइल फोन, 52 ताश के पत्ते तथा 2 मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक महोबा श्री शशांक सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वंदना सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर श्री रविकांत गोंड के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक नरोत्तम सिंह ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर थाना खन्ना क्षेत्र स्थित मनोरा बाबा मंदिर के पास पीपल के पेड़ के नीचे छापेमारी की। मौके पर पांच लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से ₹89,600 मालफड़ तथा जामा तलाशी में ₹11,550 नकद, कुल ₹1,01,150, 52 ताश के पत्ते, 7 मोबाइल फोन और 2 मोटरसाइकिल बरामद की गईं। बरामद मोटरसाइकिलों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।
इस संबंध में थाना खन्ना पर मुकदमा अपराध संख्या 67/2026, धारा 13 जुआ अधिनियम एवं धारा 112(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में जुआ अधिनियम, मारपीट, एससी/एसटी एक्ट तथा आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।