सरकारी भूमि पर विवाद के बाद प्रशासन ने किया कब्जा, लाल झंडा लगाकर बढ़ाई सुरक्षा![]()
टेन न्यूज ii 22 जुलाई 2026 ii प्रशांत वैश्य ब्यूरो
सोनितपुर (असम)। असम के सोनितपुर जिले के ढेकियाजुली राजस्व चक्र क्षेत्र स्थित लाबारी गोहाईभेटी गांव में लगभग 200 बीघा सरकारी भूमि को लेकर चल रहे विवाद के बीच प्रशासन ने महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए विवादित भूमि को अपने कब्जे में ले लिया। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भूमि पर लाल झंडा लगाते हुए इसे आधिकारिक रूप से सरकारी नियंत्रण में घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस सरकारी भूमि को लेकर पिछले कुछ दिनों से दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल था। स्थानीय स्तर पर यह भी कहा जा रहा है कि भूमि पर कब्जे को लेकर हिंदू और मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों के बीच मतभेद उत्पन्न हुआ था। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
स्थिति को देखते हुए ढेकियाजुली राजस्व चक्र अधिकारी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और किसी भी पक्ष द्वारा नए कब्जे या अन्य गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से भूमि को सरकारी नियंत्रण में ले लिया। सुरक्षा व्यवस्था भी सतर्क रखी गई ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि कानूनी प्रक्रिया के तहत भूमि विवाद का निष्पक्ष एवं स्थायी समाधान निकाला जाएगा तथा क्षेत्र में शांति और सौहार्द कायम रहेगा।
– प्रशांत बैश्य