रायबरेली में सावन व गुरु पूर्णिमा स्नान को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, लालगंज एसडीएम ने गेगासो गंगा घाट का लिया जायजा

टेन न्यूज़ !! २३ जुलाई २०२६ !! रिपोर्ट वसीम खान ब्यूरो, लोकेशन रायबरेली
एंकर:
आगामी सावन मास और गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान व शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए जुटने वाली श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए रायबरेली जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो।
इसी कड़ी में लालगंज एसडीएम राजेश कुमार त्रिपाठी और सीओ सुजीत कुमार राय ने गेगासो गंगा घाट पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने गंगा घाटों के साथ-साथ आसपास स्थित शिव मंदिरों और देवी मंदिरों का भी बारीकी से निरीक्षण किया। एसडीएम ने मातहतों को कड़े निर्देश दिए हैं कि आगामी 29 जुलाई को होने वाले गुरु पूर्णिमा के महास्नान से पहले घाट की सभी तैयारियाँ हर हाल में पूरी कर ली जाएं। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे गंगा घाट पर मजबूत बैरिकेडिंग, पर्याप्त लाइट व्यवस्था और सुरक्षा बलों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पवित्र सावन माह और गुरु पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए रायबरेली का जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। सावन के पूरे महीने गंगा स्नान और शिव मंदिरों पर जल चढ़ाने आने वाले श्रद्धालुओं व कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
इसी सिलसिले में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) लालगंज राजेश कुमार त्रिपाठी और क्षेत्राधिकारी (सीओ) सुजीत कुमार राय ने संयुक्त रूप से गेगासो स्थित प्रसिद्ध गंगा घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा और चेंजिंग रूम जैसी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजेश कुमार त्रिपाठी ने संबंधित कर्मचारियों व अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि 29 जुलाई को होने वाले गुरु पूर्णिमा महास्नान से पहले सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया जाए। गहरे पानी में जाने से श्रद्धालुओं को रोकने के लिए नदी के किनारे मजबूती से बैरिकेडिंग कराने और रात के समय बेहतर रोशनी के लिए पूरे घाट क्षेत्र में पर्याप्त लाइटें लगाने के आदेश दिए गए हैं।
गंगा घाटों के साथ-साथ पास में स्थित शिव मंदिरों और देवी मंदिरों पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं को जलाभिषेक के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट