नगर पालिका की लापरवाही से वर्षों से जर्जर सड़क, स्कूली बच्चों व मोहल्लेवासियों को भारी परेशानी![]()
टेन न्यूज़ ii 29 जुलाई 2026 ii अमुक सक्सेना
तिलहर (शाहजहांपुर)। नगर पालिका परिषद तिलहर की कथित लापरवाही के चलते मोहल्ला हिन्दूपट्टी स्थित लाला बुलाकी दास महिला इंटर कॉलेज के पास वर्षों से सड़क बदहाल पड़ी है। जल निगम के कार्यों के बाद सड़क की मरम्मत न होने से लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। बिना बारिश के ही सड़क पर जलभराव और कीचड़ जैसी स्थिति बनी रहती है, जिससे स्कूली बच्चों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर सड़क के कारण घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ रही है। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो नगर पालिका ने कोई ठोस कदम उठाया और न ही जनप्रतिनिधियों ने इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान दिया।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और नगर पालिका से जल्द सड़क की मरम्मत कराकर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।