जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार का किया आकस्मिक निरीक्षण![]()
टेन न्यूज ii 31 जुलाई 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार का किया आकस्मिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था एवं बंदियों की सुविधाओं का लिया जायजा
जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा जिला कारागार की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का आकलन करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार ने गुरुवार को जिला कारागार, कन्नौज का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने कारागार की विभिन्न बैरकों, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सकीय सुविधाओं तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही अन्य आवश्यक सेवाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी प्राप्त की गई।
जेल अधीक्षक ने अवगत कराया कि कारागार परिसर की नियमित रूप से सघन तलाशी एवं सुरक्षा जांच कराई जाती है तथा सुरक्षा मानकों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कारागार की समस्त व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कारागार परिसर में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री का प्रवेश किसी भी स्थिति में न होने पाए। इसके लिए नियमित एवं सघन तलाशी अभियान चलाया जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कारागार में आने वाले प्रत्येक नए बंदी का प्रवेश के समय अनिवार्य रूप से चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाए तथा आवश्यकतानुसार उनका स्वास्थ्य परीक्षण नियमित रूप से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बंदियों को स्वच्छ वातावरण, गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार ने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि कारागार की सुरक्षा व्यवस्था पर निरंतर सतर्क निगरानी रखी जाए, नियमित निरीक्षण एवं चेकिंग की जाए तथा निरुद्ध बंदियों की गतिविधियों पर विशेष दृष्टि बनाए रखते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सुरक्षा से संबंधित सभी मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कारागार प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।