श्रावण मास को लेकर कन्नौज डीएम-एसपी ने छिबरामऊ में किया पैदल मार्च![]()
टेन न्यूज ii 02 अगस्त 2026 ii प्रभाष चंद्र ब्यूरो
छिबरामऊ (कन्नौज)। श्रावण मास एवं आगामी पर्वों को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने शनिवार को थाना छिबरामऊ क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का आकलन किया।
पैदल गश्त के दौरान डीएम और एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता के साथ प्रभावी पुलिसिंग करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच करने तथा आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रावण मास और आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों, धर्मगुरुओं और नागरिकों से संवाद कर आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।![]()
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कन्नौज पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। पर्वों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
रिपोर्ट: प्रभाष चंद्र, ब्यूरो चीफ, टेन न्यूज़ कन्नौज।