मुख्य विकास अधिकारी ने गांव चौपाल में सुनीं समस्याएं, योजनाओं की दी जानकारी![]()
टेन न्यूज ii 02 अगस्त 2026 ii नीरज प्रताप सिंह
छिबरामऊ (कन्नौज)। विकासखंड छिबरामऊ की ग्राम पंचायत खुबरियापुर के मौजा मनकापुर में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राजेंद्र श्रीवास की अध्यक्षता में गांव चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत प्रधान बबलू बाथम ने हर घर जल योजना के तहत जल संरक्षण का संदेश देते हुए ग्रामीणों से पानी की बर्बादी रोकने की अपील की। उन्होंने कहा कि “जल है तो कल है”, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को जल बचाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
चौपाल में मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, सड़क विकास, तालाब संरक्षण, बाल पोषण योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं को दी गई। अधिकारियों ने पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान भी किया।![]()
इस दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, आवास सहित अन्य स्थानीय समस्याएं मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष रखीं। सीडीओ राजेंद्र श्रीवास ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
चौपाल में ग्राम पंचायत प्रधान बबलू बाथम, ग्राम पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट: नीरज प्रताप सिंह, टेन न्यूज़, छिबरामऊ (कन्नौज)।