औरैया में गृहकलेश के चलते फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव, पुलिस जांच में जुटी![]()
टेन न्यूज।। 25 सितम्बर 2026 ।। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के भीखेपुर गांव में गुरुवार को 28 वर्षीय विवाहिता का शव घर के अंदर कमरे में पंखे के सहारे गमछे से बने फंदे पर लटकता मिला। घटना की जानकारी होने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। मायके पक्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भीखेपुर निवासी आलोक कुशवाहा की पत्नी विभा (28) का शव कमरे में फंदे पर लटकता मिला। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार और मुरादगंज चौकी प्रभारी विकास त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे। विवाहिता की मौत की सूचना मजिस्ट्रेट को दी गई। नायब तहसीलदार अशोक कुमार की मौजूदगी में शव को फंदे से उतारकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मृतका के भाई पवन कुमार निवासी सिमारा, थाना फफूंद ने बताया कि विभा की शादी अप्रैल 2026 में आलोक कुमार पुत्र जगदीश निवासी भीखेपुर के साथ हुई थी। पवन के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद से ही विभा फोन पर घर में विवाद और गृहकलेश की बात बताती थी।
बुधवार शाम विवाद की जानकारी मिलने पर मृतका के चाचा उमाकांत और नीलम कुमार भीखेपुर पहुंचे थे। उन्होंने ससुराल पक्ष को समझाकर मामला शांत कराया और देर रात वापस चले गए। गुरुवार सुबह फोन नहीं उठने पर पवन चाचा के साथ भीखेपुर पहुंचा, जहां विभा का शव फंदे पर लटकता मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।