औरैया में चोरी के शक में पिता ने 15 वर्षीय बेटे को पीट-पीटकर मार डाला, अरेस्ट![]()
टेन न्यूज ।। 25 सितम्बर 2026 ।। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। सहार थाना क्षेत्र में चोरी के शक को लेकर 15 वर्षीय पुत्र की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पिता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पिता ने बेटे को घर के खंभे से रस्सी से बांधकर बांस के डंडे से बेरहमी से पीटा था, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी शव को चारपाई पर रखकर मौके से फरार हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के भाई नीरज पुत्र उम्मेद सिंह निवासी पूर्वा सोमवंशी ने तहरीर देकर बताया कि 21 सितंबर को वह अपनी बड़ी बहन के साथ गणेश पूजा और कीर्तन में गया था। घर पर उसकी छोटी बहन और छोटा भाई रिशू उर्फ ईशू मौजूद थे। इसी दौरान उनके पिता उम्मेद सिंह घर पहुंचे और रिशू से इधर-उधर से मिल रही शिकायतों को लेकर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने रिशू को मकान के खंभे से बांधकर डंडे से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।
तहरीर के आधार पर सहार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 79/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं।
पुलिस ने 24 सितंबर को वांछित आरोपी उम्मेद सिंह पुत्र महेंद्र सिंह, उम्र करीब 45 वर्ष, निवासी पूर्वा सोमवंशी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने रुपये चोरी करने को लेकर पुत्र से विवाद होने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रस्सी और बांस का डंडा भी बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।