फर्रुखाबाद में मिनी मुंबई कमालगंज में गणपति विसर्जन पर उमड़ा आस्था का सैलाब
17 वर्षों की परंपरा के बाद 12 दिवसीय महोत्सव का हुआ समापन, पंचाल घाट पर विधि-विधान से विसर्जन
टेन न्यूज ।। 25 सितम्बर 2026 ।। तौफ़ीक़ फ़ारूक़ी, ब्यूरो कमालगंज/फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद/कमालगंज। फर्रुखाबाद के कमालगंज कस्बे में शुक्रवार को गणपति विसर्जन के दौरान आस्था और भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। मिनी मुंबई के नाम से मशहूर कमालगंज का पूरा क्षेत्र गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा। 17 वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत प्रेम गेस्ट हाउस में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर 12 दिनों तक पूजा-अर्चना, आरती और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
धूमधाम से निकली शोभायात्रा
शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को दीप केसरी मां दुर्गा मंदिर से फूलों से सजे रथ पर विराजमान कर विसर्जन यात्रा रवाना हुई। मेन रोड पर पहुंचते ही ढोल-नगाड़ों, डीजे और बैंड-बाजे के साथ भक्तों ने नृत्य किया। जगह-जगह अबीर-गुलाल उड़ाया गया। वाहनों पर भगवा पताकाएं लहराती नजर आईं।
महिलाओं और युवाओं की टोलियां भक्ति गीतों पर झूमती रहीं। जगह-जगह भक्तों ने गणपति की आरती कर पुष्प अर्पित किए। व्यापारियों और विभिन्न भक्त मंडलों की ओर से कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन भी किया गया।
विदाई पर नम हुईं आंखें
विसर्जन के समय भक्त भावुक हो उठे। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा से अगले वर्ष जल्द आने की प्रार्थना करते हुए “गणपति बप्पा मोरया, अगली बरस तू जल्दी आ” के जयकारे लगाए।
सुरक्षा व्यवस्था रही कड़ी
विसर्जन यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। करीब 300 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। कमालगंज के अलावा राजेपुर, मेरापुर और मोहम्मदाबाद थानों का पुलिस बल भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया। पुलिस ने शोभायात्रा के मार्ग पर निगरानी रखने के साथ यातायात व्यवस्था संभाली।
शोभायात्रा फर्रुखाबाद स्थित पंचाल घाट पहुंची, जहां भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की। इसके बाद भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को मां गंगा में विसर्जित किया गया। घाट पर भी देर तक गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे।