औरैया में आशा वर्कर्स यूनियन ने 13 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन![]()
टेन न्यूज ।। 25 सितम्बर 2026 ।। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। सहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन के बैनर तले आशा कार्यकर्ताओं और आशा संगिनियों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद सीएचसी अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार को 13 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता और संगिनियां मौजूद रहीं।
आशा अध्यक्ष सीमा राठौर और सचिव चंद्रा रोशनी ने बताया कि क्षेत्र में करीब 200 आशा कार्यकर्ता और संगिनी स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी जिम्मेदारियां निभा रही हैं। आशा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर गर्भवती महिलाओं की देखभाल, टीकाकरण के प्रति जागरूकता, बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी, संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करने, परिवार नियोजन तथा विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने का कार्य करती हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था में आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन लगातार कार्य करने के बावजूद उन्हें किए गए कार्यों का भुगतान समय से नहीं मिल पा रहा है। यूनियन ने लंबित भुगतानों का शीघ्र निस्तारण कराने तथा आशा कार्यकर्ताओं और संगिनियों के मानदेय में बढ़ोतरी की मांग प्रमुखता से उठाई।
ज्ञापन में भुगतान संबंधी समस्याओं के समाधान, मानदेय बढ़ाने और कार्य के अनुरूप उचित पारिश्रमिक उपलब्ध कराने सहित 13 मांगें रखी गईं। आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि मांगों को लेकर आगामी 23 अक्टूबर को लखनऊ में बड़ी संख्या में पहुंचकर शासन तक अपनी आवाज पहुंचाई जाएगी।
इस दौरान मीना दुबे, सुनीता देवी, राधा देवी, रानी देवी, रजनी देवी, संगीता, अंजलि, प्रतीमा, ललित, पूजा, सीमा, सुधा, उर्मिला, फुलवासा, ममता शंखवार, रिंकी देवी, ममता देवी, अनीता, गायत्री, नीलेश कुमारी, नीरज कुमारी, भानुमति, नीलम देवी, किरण देवी, राधा तिवारी, शोभा देवी, चंद्रा रोशनी, प्रेमवती, प्रेमलता, रूबी समेत बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता और संगिनियां मौजूद रहीं।