• Sat. Sep 26th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में 36 घंटे से हो रही बारिश ने रोकी जीवन की रफ्तार, बिजली गुल; बाजार में सन्नाटा,मचा हाहाकार

ByTen News One Desk

Sep 26, 2026
4 Views

फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में 36 घंटे से हो रही बारिश ने रोकी जीवन की रफ्तार, बिजली गुल; बाजार में सन्नाटा,मचा हाहाकार


टेन न्यूज ।। 26 सितम्बर 2026 ।। मुनीश चन्द्र शर्मा

फतेहगंज पूर्वी/बरेली कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 36 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के चलते जहां बिजली आपूर्ति बाधित है, वहीं बाजारों में सन्नाटा पसरा है। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं।

लगातार बारिश के कारण कस्बे की कई गलियों और निचले इलाकों में पानी भर गया है। लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के चलते दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हुआ है। बाजार में ग्राहक नहीं पहुंचने से अधिकांश दुकानें खाली नजर आईं। लोगों ने घरों में रहना ही बेहतर समझा।

बारिश के साथ बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। कई इलाकों में लंबे समय तक बिजली नहीं आने से घरेलू कामकाज प्रभावित रहे। मोबाइल चार्ज करने से लेकर पेयजल और अन्य जरूरी कार्यों में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बारिश का असर खेतों पर भी दिखाई देने लगा है। खेतों में पानी भरने से धान, बाजरा, तिल और गन्ने की फसलों को नुकसान की आशंका है। किसानों का कहना है कि अगर बारिश इसी तरह जारी रही तो खेतों में जलभराव से फसलों को और नुकसान हो सकता है।

लगातार बारिश के कारण कस्बे की रफ्तार थम गई है। सामान्य दिनों में चहल-पहल से रहने वाला बाजार शनिवार को काफी हद तक सूना नजर आया। जरूरी सामान लेने निकले लोग भी बारिश से बचते हुए जल्द घर लौटते दिखाई दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!