आवास के लिए दस साल से परेशान क़बरा हुसैनपुर निवासी रमेश वाल्मीकि, सर्वे के बाद भी नहीं मिला लाभ![]()
टेन न्यूज ।। 27 सितम्बर 2026 ।। रजनीश कुमार
उख़ली/शाहजहांपुर। तहसील तिलहर क्षेत्र के ग्राम कबरा हुसैनपुर निवासी रमेश वाल्मीकि पिछले करीब दस वर्षों से पक्के मकान के लिए सरकारी आवास योजना का लाभ पाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका आरोप है कि कई बार सर्वे होने के बावजूद आज तक उन्हें आवास का लाभ नहीं मिल सका।
रमेश वाल्मीकि का कहना है कि ग्राम प्रधान और सचिव की ओर से करीब दस बार सर्वे कराया जा चुका है। सर्वे के दौरान उन्हें बताया गया कि उनका मकान पक्का बना हुआ है, इसलिए वह आवास योजना के लिए पात्र नहीं हैं। रमेश का कहना है कि उनके पास रहने के लिए पर्याप्त पक्का मकान नहीं है और वह लंबे समय से आवास की समस्या से परेशान हैं।![]()
रमेश के मुताबिक उन्होंने ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से आवास के लिए आवेदन भी कराया था, लेकिन बाद में उनका नाम सूची से कटवा दिया गया। उनका आरोप है कि लगातार प्रयास करने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है और संबंधित स्तर पर उनकी सुनवाई नहीं हो पा रही है।
रमेश वाल्मीकि ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोबारा सर्वे कराने तथा पात्रता के अनुसार आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। मामले में ग्राम प्रधान और सचिव का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
रमेश के मुताबिक वर्षों से छप्पर नुमा घर में पत्नी सुशीला और बच्चों के साथ गुजारा कर रहा है।