निर्माणाधीन रिजर्व पुलिस लाइन का एसपी ने किया निरीक्षण

गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश, तय समय-सीमा में कार्य पूरा कराने पर जोर
टेन न्यूज़ !! १२ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। थाना फफूंद क्षेत्र के ग्राम शेरपुर सरैया में निर्माणाधीन रिजर्व पुलिस लाइन परिसर का पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों को बारीकी से देखा। उन्होंने निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता, तकनीकी स्थिति और निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। साथ ही कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से अब तक पूरे हो चुके और शेष निर्माण कार्यों की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
एसपी ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों और तकनीकी विशिष्टताओं का पूरी तरह पालन किया जाए। गुणवत्ता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आवश्यक संसाधनों और बेहतर समन्वय के साथ निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने पर जोर दिया।
इसके अलावा संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण कार्य की निगरानी करने और समय-समय पर प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि रिजर्व पुलिस लाइन परिसर का निर्माण गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जा सके।