राजस्व विभाग के पांच नवचयनित कनिष्ठ सहायकों को मिले नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 1,146 चयनित अभ्यर्थियों को वितरित किए नियुक्ति पत्र, कन्नौज में हुआ सजीव प्रसारण
टेन न्यूज़ !! १२ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो , कन्नौज यूपी
कन्नौज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में राजस्व विभाग के 1,146 नवचयनित कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण एनआईसी सभागार कन्नौज में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की उपस्थिति में देखा और सुना गया।![]()
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग (कलेक्ट्रेट) में नियुक्ति पाने वाले नवीन कुमार यादव, वारिस मिश्रा, अनुराग शर्मा, प्राची गुप्ता और आयुषी पाल को नियुक्ति पत्र प्राप्त होने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी नवचयनित कार्मिक जनपद कन्नौज के निवासी हैं। उनका सरकारी सेवा में चयनित होना जनपद के लिए गौरव की बात है। इसके साथ ही यह उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी से पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा जनपद का नाम रोशन करने की अपील की।![]()
उन्होंने कहा कि पारदर्शी एवं निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर मिलना प्रदेश सरकार की रोजगारपरक नीतियों और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। नवचयनित कार्मिक अपनी कार्यक्षमता, व्यवहार और समर्पण से प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाएं तथा जनता का विश्वास मजबूत करें।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।