कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, चार छात्रों की मौत, 35 से अधिक घायल

टूर से लौट रही छात्रों से भरी बस को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, बस में सवार थे करीब 50 छात्र और छह शिक्षक
टेन न्यूज़ !! २४ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो , कन्नौज, उत्तर प्रदेश।
कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। ठठिया थाना क्षेत्र में 209 किलोमीटर कट के पास छात्रों से भरी बस को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक छात्र घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, बस में करीब 50 छात्र और छह शिक्षक सवार थे। सभी कौशांबी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं और टूर से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेस-वे पर 209 किलोमीटर कट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।![]()
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और राहत एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।
कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट।