गैस सिलेंडर फटने से लगी भीषण आग, गृहस्थी व शादी का सामान जलकर राख

टेन न्यूज़ !! २५ मई २०२६ !! ब्यूरो चीफ: रामजी पोरवाल
औरैया। कोतवाली क्षेत्र के नरायनपुर कंजर बस्ती में गैस सिलेंडर लीक होने के बाद हुए धमाके से भीषण आग लग गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते एक घर को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया और आसपास के दो अन्य मकानों तक फैल गई। इस अग्निकांड में गृहस्थी का सामान और शादी की तैयारियों के लिए रखा सामान जलकर राख हो गया।
नरायनपुर निवासी शेरू ने बताया कि एक माह बाद उसकी बहन संध्या की शादी है, जिसके लिए परिवार शादी का सामान एकत्र कर रहा था। शनिवार शाम संध्या घर में खाना बना रही थी, तभी अचानक सिलेंडर में आग लग गई। आग लगते ही उसने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घर में सो रही बच्चियों समेत अन्य सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया गया कि इसी दौरान तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया और आग की लपटें चारों ओर फैल गईं। आग ने पड़ोस में रहने वाली मछला देवी के मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां भी नुकसान हुआ।
पीड़ित परिवारों के अनुसार, आग में शादी के लिए रखा जेवर, कपड़े, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। अग्निकांड में करीब 15 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
सूचना पर पहुंचे अग्निशमन विभाग ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह ने बताया कि शाम 7:48 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। रास्ता संकरा होने के कारण फायर टेंडर घटनास्थल तक नहीं पहुंच सके, जिसके बाद समरसेबल से पानी लेकर आग बुझाई गई। उन्होंने बताया कि घटना में एक एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट हुआ, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।